भोपाल। रायसेन जिले के मंडीदीप क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। देर शाम पुलिस मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रायसेन के पुलिस अधीक्षक को पुलिस मुख्यालय अटैच करने तथा मिसरोद थाना प्रभारी को पद से हटाने के निर्देश डीजीपी को दिए।
मुख्यमंत्री रविवार देर शाम करीब 8:15 बजे पुलिस मुख्यालय पहुंचे और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, एडीजी इंटेलिजेंस, भोपाल पुलिस कमिश्नर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम ने रायसेन मामले में आरोपी की अब तक गिरफ्तारी न होने और मंडीदीप में चक्काजाम के दौरान पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर गहरी नाराजगी जताई। भोपाल में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर भी पुलिस कमिश्नर से विस्तृत जवाब तलब किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस सड़कों पर सक्रिय रहे, किसी भी अपराधी को बख्शा न जाए और कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने, नियमित निरीक्षण करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
सीएम ने कहा कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी तथा किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




