बैतूल। मध्य प्रदेश में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान BLO की ड्यूटी के दबाव से शिक्षकों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है। इसी कड़ी में बैतूल जिले के भीमपुर ब्लॉक के शिक्षक बिहारी लाल अहाके को मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक आ गया।
श्री अहाके चौहटा पोपटी प्राथमिक शाला में पदस्थ हैं। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, फिर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल AIIMS भोपाल रेफर कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि SIR कार्य के लगातार दबाव और मानसिक तनाव के कारण शिक्षक को हृदयाघात हुआ। उन्होंने कहा कि लगातार फील्ड में भेजे जाने और टारगेट पूरा करने का दबाव शिक्षकों की सेहत बिगाड़ रहा है।
इस मामले में जिला शिक्षा एवं प्रशासनिक अधिकारी अभी तक कोई आधिकारिक बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं।




