इंदौर। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के लिए शुरू की गई पीएम श्री हेलिकॉप्टर सेवा में अमेरिका का सेकेंड-हैंड सिंगल इंजन हेलिकॉप्टर इस्तेमाल हो रहा है। यह हेलिकॉप्टर पहले एक निजी कंपनी ने 17 करोड़ में खरीदा था, जिसे बाद में ट्रांसभारत एविएशन ने 14 करोड़ रुपए में अधिग्रहित किया।
हेलिकॉप्टर की कुल क्षमता मात्र 6 यात्री है और प्रति घंटे संचालन लागत करीब 1 लाख रुपए आती है। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट कैप्टन एस. भट्टाचार्य ने बताया कि वर्तमान में यात्रियों को आकर्षित करने के लिए किराया कम रखा गया है तथा सेवा को लाभकारी बनाने के लिए सरकार से सब्सिडी की मांग की गई है।
वजन आधारित किराया प्रणाली लागू की गई है। हेलिकॉप्टर का अधिकतम वजन 2281 किलोग्राम है, जिसमें सुरक्षा के लिए अतिरिक्त ईंधन भी शामिल होता है। इसलिए बुकिंग के समय यात्रियों का सटीक वजन लेना अनिवार्य है और अधिक वजन होने पर अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा।
मेंटेनेंस लागत अधिक होने के कारण कई पार्ट्स विदेश से आयात करने पड़ते हैं, जिससे परिचालन खर्च और बढ़ जाता है। कंपनी का दावा है कि इन सबके बावजूद किराया यथासंभव संतुलित रखा गया है।




