कैलिफोर्निया
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के स्टॉकटन शहर में शनिवार रात फायरिंग की गंभीर घटना सामने आई है। सैन जोक्विन काउंटी शेरिफ ऑफिस के अनुसार, घटना में कई लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फिलहाल घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है और पूरा इलाका जांच के दायरे में है। जांच एजेंसियां मौके से सबूत जुटा रही हैं। फायरिंग के कारणों और हमलावरों के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं हुई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 9 साल और 12 साल के दो बच्चे तथा 23 वर्ष का युवक शामिल है। बताया जा रहा है कि फायरिंग एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में पुलिस बल और एंबुलेंस दिखाई दे रही हैं तथा कई सड़कों को बंद कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। एक व्यक्ति ने लिखा कि वह पास में एक बैठक से लौट रहा था, तभी गोलियों की आवाज सुनी। वहीं, दूसरे व्यक्ति ने बताया कि पास में बच्चों की बर्थडे पार्टी चल रही थी, जहां परिवार के कई सदस्य मौजूद थे। उन्हें पहले गोली की आवाज पटाखों जैसी लगी, लेकिन जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।




