अंबिकापुर। शहर के सीतापुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन विवाद पर पड़ोसियों ने मिलकर पति-पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में डंडे के वार से सिर पर गंभीर चोट लगने से पत्नी की हालत गंभीर है, जबकि बीचबचाव के दौरान पति के हाथों में भी चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर देख उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम सुर पकरीखार की है। जहां जमीन विवाद के कारण पड़ोसियों ने मिलकर रविकांत लकड़ा और उसकी पत्नी अनिता लकड़ा पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। जब यह हमला हुआ, उस दौरान मौके पर केवल पति पत्नी मौजूद थे और हमलावरों की संख्या आठ दस के करीब थी। सभी ने मिलकर महिला के ऊपर रॉड और डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया।
इस हमले में सिर पर डंडे से लगे प्राणघातक चोट की वजह से महिला बुरी तरह घायल हो गई। इस दौरान पत्नी को बचा रहे पति भी हमलावरों के हमले से बुरी तरह घायल हो गया। इस घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए हॉस्पिटल लाया गया। जहां महिला के सिर में लगी गंभीर चोट को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में धारा 296 351(2)115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।




