धार। खलघाट टोल प्लाजा पर 1 दिसंबर को राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ द्वारा आयोजित प्रदर्शन के बाद धामनोद पुलिस ने 17 किसानों को नामजद और करीब 700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने बिना अनुमति सड़क अवरुद्ध कर यातायात बाधित किया था। घटनाक्रम की वीडियोग्राफी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(a), 126(2), 191(2) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 की धारा 8बी के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रदर्शन अलग-अलग मांगों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर किया गया था। ज्ञापन सौंपकर आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त कर दिया गया था। पुलिस मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही है।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रकाश धाकड़ ने कहा कि उन्हें और अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज केस की कोई जानकारी नहीं है। जल्द ही बैठक कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।




