धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां घर के आंगन में खेल रहा एक दो वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गया। जिसके बाद वह कुछ ही घंटो में उसको खून से लथपथ लाश जंगल में मिली। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी और मातम का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीतानदी टाइगर रिज़र्व क्षेत्र अंतर्गत गाताबहार गांव में 2 वर्षीय मासूम देवेश मरकाम अपने घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन करीब दो घंटे बाद घर से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में उसकी लाश बरामद हुई।
मासूम का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला, जिससे जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सीतानदी टाइगर रिज़र्व के उपनिदेशक वरुण जैन मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की गहन जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।




