रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित एक रिहायशी सोसायटी में व्हाट्सऐप ग्रुप में किए गए मैसेज को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि राहुल जैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोसायटी निवासियों पर हमला किया, जिसमें पुरुषों के साथ मारपीट के अलावा महिलाओं के साथ हाथापाई और बदसलूकी की गई। हमलावरों ने गार्ड रूम में तोड़फोड़ की और सुरक्षा व्यवस्था को निशाना बनाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट और अफरा-तफरी के दृश्य स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप में किसी मुद्दे पर मैसेज पोस्ट किए गए थे, जिस पर राहुल जैन और उसके साथियों ने आपत्ति जताई। कहासुनी के बाद मामला हिंसा में बदल गया। राहुल जैन कई युवकों को साथ लेकर सोसायटी पहुंचा और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने वाली महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की गई।
घटना से सोसायटी निवासियों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि राजधानी में इस तरह की गुंडागर्दी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है। निवासियों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजगहन थाने में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान हो गई है और शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और क्या कोई पूर्व रंजिश थी। सोसायटी क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
यह घटना रिहायशी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती असहिष्णुता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।




