रायपुर। राजधानी रायपुर में निवेश से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। जहां कारोबारी से जुड़े लोगों को विदेश में सोने की खदान में हिस्सेदारी का झांसा देकर 1 करोड़ 90 लाख ठग लिए गए।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने तंजानिया में गोल्ड माइंस में निवेश कर भारी मुनाफा मिलने का दावा किया। भरोसा जीतने के लिए उन्हें विदेश ले जाया गया और कथित खदान से जुड़े दस्तावेज दिखाए गए, जो बाद में पूरी तरह फर्जी निकले।
ठगी की इस साजिश को अंजाम देने के लिए एसकेएम बुलियन ट्रेडिंग लिमिटेड के नाम से एक पार्टनरशिप फर्म बनाई गई। इसी फर्म के जरिए भारत और तंजानिया स्थित बैंक खातों में 1 करोड़ 90 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर कराई गई। इस पूरे मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में यश शाह नामक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ठगी का शिकार हुए समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइन निरीक्षक दीपक पासवान ने बताया, कि कारोबारी समर्थ बरडिया की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी यश शाह और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में संबंधित दस्तावेजों और बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल कर रही है।




