सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में दो दिन पहले कांग्रेस नेता का स्कूली बच्चों ने स्वागत किया था। साथ ही हसदेव बचाव के नारे भी लगाये थे। इस मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डीईओ की रिपोर्ट पर संयुक्त संचालक ने हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया है। प्रिंसिपल और लेक्चरर पर कार्रवाई की भी अनुशंसा की गई है।
दरअसल 20 जनवरी को कांग्रेस के आदिवासी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया सूरजपुर पहुंचे थे। वे कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं क साथ हसदेव के लिए रवाना हुए तो रामानुजनगर ब्लॉक के गणेशपुर में हायर सेकेंडरी स्कूल और मिडिल स्कूल के छात्रों ने कांग्रेस नेता डॉ. भूरिया सहित अन्य का लाइन में लगकर स्वागत किया। छात्रों ने हसदेव बचाओ के नारे भी लगाए। इसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ। मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी ने भी आपत्ति जताई थी।
सूरजपुर डीईओ अजय मिश्रा ने रामानुजनगर बीईओ से मामले की जांच कराई। जांच प्रतिवेदन में रामानुजनगर बीईओ ने हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल मुरित राम कोसरिया और लेक्चरर राजेश कुमार चौधरी और मिडिल स्कूल के हेडमास्टर समान राम सिंह की भूमिका संदिग्ध बताते हुए प्रतिवेदन पेश किया।
सूरजपुर डीईओ ने तीनों को सस्पेंड करने की अनुशंसा करते हुए प्रतिवेदन जेडी एजुकेशन, सरगुजा को भेजा था। जेडी एजुकेशन सरगुजा संजय गुप्ता ने प्रतिवेदन मिलने पर हेडमास्टर, मिडिल स्कूल गणेशपुर समान राम सिंह को सस्पेंड कर दिया है। प्रिंसिपल और लेक्चरर को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।





