भिलाईनगर। कोसा नगर नाला, तेलहा नाला सहित अन्य छोटे नालों से निकलने वाला दूषित जल अब सीधे शिवनाथ नदी में नहीं गिरेगा। भिलाई नगर निगम ने 189 करोड़ रुपये की लागत से कचांदुर में 150 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
इसके लिए कचांदुर में 14 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई है। पुणे की एजेंसी को 15 वर्षों के लिए संयंत्र के संचालन एवं रखरखाव का दायित्व सौंपा गया है, जिस पर 145 करोड़ रुपये व्यय होंगे।
नालों में घरों, उद्योगों, होटलों आदि से निकलने वाला अपशिष्ट जल इस प्लांट में उपचारित होगा। शुद्ध जल का उपयोग सिंचाई विभाग तथा औद्योगिक इकाइयों को उपलब्ध कराने की योजना है।
इस परियोजना से शिवनाथ नदी के प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा जल संसाधनों का पुनर्चक्रण संभव हो सकेगा।




