जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम दुरपा के पास मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि मृतका का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
पुलिस के अनुसार, तनौद गांव निवासी 45 वर्षीय भगवती साहू अपने पति कृष्णकुमार साहू के साथ मुड़पार गांव में आयोजित पारिवारिक छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से जा रही थीं। सामान्य गति से यात्रा कर रहे दंपति की बाइक दुरपा के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक सड़क किनारे गिर गई। कृष्णकुमार बाइक सहित गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं भगवती ट्रक के नीचे आ गईं और उसके पहियों में फंसकर कुछ दूरी तक घसीटी गईं। कुचलने से उनकी कमर के नीचे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने ट्रक रोका तथा पुलिस को सूचना दी। शिवरीनारायण थाना पुलिस तत्काल पहुंची और घायल कृष्णकुमार को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा वाहन जब्त कर लिया गया। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने तथा गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
हादसे से मृतका के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण तथा स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




