अंबिकापुर। अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर चठिरमा मोड़ के पास 11 जुलाई की देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से जा टकराई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त वाहन में दो लड़कियां और तीन लड़के सवार थे।
घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई थी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में सवार लोग सीटों से उछल गए। कार के दोनों एयरबैग खुले, लेकिन इसके बावजूद सामने बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Read Also- एयर इंडिया हादसे की रिपोर्ट जारी, टेक ऑफ के 30 सेकंड बाद कैसे क्रैश हुआ विमान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। एक युवक को महावीर हॉस्पिटल, तीन को मिशन हॉस्पिटल तथा एक किशोरी को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल उर्सूलाइन स्कूल की कक्षा 11वीं की छात्रा सारिका मिंज (17 वर्ष) ने दम तोड़ दिया। वह भिट्ठीकला निवासी थी और परिजनों के अनुसार तीन दिन पहले बिना बताए घर से निकल गई थी। वहीं, एक अन्य युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
Read Also- भारी बारिश के बीच नक्सल ऑपरेशन में मिली सफलता, जंगलों से बरामद हुआ नक्सलियों का विस्फोटक और राशन सामग्री
अन्य तीन घायलों में स्कॉर्पियो का चालक भी शामिल है, जिनका इलाज जारी है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे का वीडियो पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तेज रफ्तार और बारिश के दौरान लापरवाही से वाहन चलाना इस हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है।




