अंबिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है। शीतलहर ने पिछले पांच दशक के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 57 वर्षों में नवंबर के पहले पखवाड़े का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने का पूर्वानुमान जारी किया है।
शीतलहर की चपेट में सरगुजा संभाग
उत्तर से आ रही सर्द हवाओं ने सरगुजा संभाग को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया है। लगातार गिरते तापमान ने मौसम का रुख बदल दिया है। बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री था, जो गुरुवार को और घटकर 7.4 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, नवंबर में इतनी ठंड पिछले पांच दशकों में नहीं देखी गई थी। यदि मौसम की स्थिति इसी तरह बनी रही, तो न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव है।
मैनपाट में भी ठंड का कहर, पाला पड़ा
पर्वतीय क्षेत्र मैनपाट में भी शीतलहर का असर जारी है। गुरुवार को यहां का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को तापमान गिरकर 4 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे पाले पड़ गए थे। फिलहाल बादल छाए रहने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि जैसे ही बादल छंटेंगे, ठंड दोबारा बढ़ सकती है।
Read Also- क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत का फूटा गुस्सा, कहा- तोमर कोई आतंकवादी था क्या?, रायपुर कूच की दी चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों की राय
मौसम विज्ञानी ए.एम. भट्ठ ने बताया कि पिछले 50 वर्षों में नवंबर माह में इतनी ठंड रिकॉर्ड नहीं की गई थी। उत्तरी हवाओं के तेजी से प्रवेश और स्थानीय नमी में कमी के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। यदि मौसमी बदलाव नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है।
जनजीवन पर ठंड का असर, बच्चे हो रहे बीमार
अचानक बढ़ी ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सुबह और शाम के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। बाजार और दुकानों में भीड़ कम हो गई है और लोग जल्द घर लौट रहे हैं। नगर निगम की ओर से अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है।
कड़ाके की ठंड के बावजूद स्कूलों के समय में अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ है। निजी और दो पालियों वाले सरकारी स्कूल सुबह 7:00 और 7:30 बजे से लग रहे हैं। ठंड के कारण छोटे बच्चे सर्दी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। अभिभावक स्कूल समय में बदलाव की मांग कर रहे हैं।
Read Also- नेशनल पार्क के जंगलों में बड़ी मुठभेड़, छह माओवादी ढेर, दो DVCM समेत कई बड़े नक्सली कमांडर मारे गए, हथियारों का जखीरा बरामद
अंबिकापुर में नवंबर के तापमान में आई ऐतिहासिक गिरावट
| तारीख | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| 04 नवंबर 2025 | 28.3°C | 12.4°C |
| 05 नवंबर 2025 | 28.7°C | 12.7°C |
| 06 नवंबर 2025 | 28.7°C | 13.1°C |
| 07 नवंबर 2025 | 28.6°C | 13.4°C |
| 08 नवंबर 2025 | 28.2°C | 10.9°C |
| 09 नवंबर 2025 | 26.8°C | 8.2°C |
| 10 नवंबर 2025 | 26.4°C | 8.6°C |
| 11 नवंबर 2025 | 26.8°C | 7.6°C |
| 12 नवंबर 2025 | 26.2°C | 7.7°C |
| 13 नवंबर 2025 | 26.6°C | 7.4°C |




