अंबिकापुर। अग्रसेन महाराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और सिंधी समाज के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले छत्तीसगढ़ क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सर्व समाज ने शनिवार को अंबिकापुर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
धरने में सभी समाजों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिनमें अग्रवाल सभा, सिंधी समाज, क्षत्रीय समाज, ब्राह्मण समाज, गुरुसिंह सभा समेत कई अन्य सामाजिक संगठन उपस्थित थे। धरना स्थल पर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया और बघेल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि अमित बघेल की विवादित टिप्पणियों ने छत्तीसगढ़ की सामाजिक एकता और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। सर्व समाज ने 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन और नगर बंद की चेतावनी दी।
धरना स्थल पर पहुंचे एडिशनल एसपी अमोलक सिंह को सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपा, जिसमें 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग रखी गई।
Read Also- क्रशर संचालकों की दबंगई: पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में दो युवकों को निर्वस्त्र कर पीटा, वीडियो वायरल
“गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रदेश व्यापी आंदोलन” – संजय मित्तल
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा, अमित बघेल ने हमारे इष्ट देवताओं का अपमान किया है। हमारी मांग है कि उसकी गिरफ्तारी रासुका के तहत हो। यदि 9 नवंबर तक गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 10 नवंबर को सर्व समाज द्वारा प्रदेश बंद किया जाएगा।
“हमारे धैर्य की परीक्षा न लें” – अशोक लालवानी
सिंधी समाज के अध्यक्ष अशोक लालवानी ने शासन और प्रशासन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, हम एक सप्ताह से ज्ञापन सौंप रहे हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। क्या शासन उग्र आंदोलन का इंतजार कर रहा है?
अंबिकापुर में दर्ज है FIR
इस मामले में अंबिकापुर सिटी कोतवाली पुलिस ने अग्रवाल समाज की शिकायत पर अमित बघेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 302 और 353(1)(C) के तहत FIR दर्ज की है।
गौरतलब है कि रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित होने की घटना के बाद अमित बघेल ने विवादित बयान देते हुए अग्रसेन महाराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और सिंधी समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके विरोध में पूरे प्रदेश में आक्रोश व्याप्त है।




