रायपुर। छत्तीसगढ़ में मवेशी तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आरंग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे तीन मवेशियों को बरामद किया है। इस मामले में वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
भाठागांव में शराब दुकान से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह उप निरीक्षक आरंग थाना अपनी टीम के साथ पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान ग्राम पारागांव के पास मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो पिकअप (क्रमांक CG04PE 7391) में मवेशी तस्करी कर उन्हें ओडिशा के कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी की गई और गवाहों की उपस्थिति में निगरानी शुरू की गई।
कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन आते देखा गया, जिसे पुलिस ने रोका। चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम चंद्रहास साहू (उम्र 19 वर्ष, ग्राम जामगांव, थाना बागबाहरा, जिला महासमुंद) बताया। उसने बताया कि वाहन मालिक गोलू नागरची (निवासी संतोषी नगर, रायपुर) ने तीन मवेशियों को ओडिशा ले जाने के लिए उसे वाहन सौंपा था।
वाहन की तलाशी में पाया गया कि दो भैंस और एक पड़वा को बिना चारा-पानी के बेहद क्रूरता से ठूंसकर लादा गया था। आरोपी के पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर मवेशियों और वाहन को जब्त कर लिया है।
आरोपी चंद्रहास साहू को गिरफ्तार कर थाने लाया गया है और वाहन मालिक गोलू नागरची पर भी मामला दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम 1960, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।




