एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला सुर्खियों में रहा, लेकिन उससे ज्यादा चर्चा में रहा मैच के बाद का विवाद। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। इस घटना के बाद पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के बॉयकॉट की धमकी दी, जिसके चलते यूएई-पाकिस्तान मैच देरी से शुरू हुआ। यह विवाद अभी तक शांत नहीं हुआ और अब दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी।
एक बार फिर होगा भारत-पाकिस्तान मैच
भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप 2025 में ग्रुप-ए से सुपर-4 में पहुंच चुकी हैं। दोनों के बीच अगला मुकाबला 21 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। ग्रुप-ए में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ने सुपर-4 के लिए क्वालिफाई किया। वहीं, पाकिस्तान ने जैसे-तैसे अगले राउंड में जगह बनाई। भारत ने ग्रुप स्टेज में 2 मैच खेले और दोनों में जीत के साथ टॉप पर है।
पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज के तीनों मैच पूरे कर लिए, जिसमें 2 जीत और 1 हार के साथ 4 अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। यूएई का अभियान खत्म हो चुका है, उसने तीन में से सिर्फ 1 मैच जीता। ओमान की टीम भारत के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी, लेकिन वह सुपर-4 की रेस से बाहर हो चुकी है, क्योंकि शुरुआती दोनों मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा।
ग्रुप स्टेज में एकतरफा अंदाज में जीता था भारत
भारत और पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज मैच भी दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ था, जहां भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ऐसे में सुपर-4 के इस मुकाबले में भी भारत का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।




