रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और चरमराती कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध बेलगाम हो चुके हैं और सरकार इन पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
पूर्व सीएम बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ अब अपराध का गढ़ बन गया है। हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती और नशे के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि विधानसभा अध्यक्ष को भी शिकायत करनी पड़ रही है।
Read Also- कांकेर लोकसभा चुनाव में अनियमितता का आरोप: सांसद भोजराज नाग की याचिका HC से खारिज, अगली सुनवाई 3 नवंबर को
बघेल ने हाल ही में राजनांदगांव में हुई तीन हत्याओं और गैंगवार का जिक्र करते हुए कहा कि जब हालात बेकाबू हो जाते हैं, तब जाकर सरकार हरकत में आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि गृहमंत्री के संरक्षण में सूखे नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने संपत्ति कर से जुड़े एक नोटिस पर सवाल उठाते हुए कहा, मुझे आश्चर्य है कि सिर्फ मुझे ही संपत्ति कर का नोटिस भेजा गया है, जबकि शासकीय आवासों में और भी कई नेता और अधिकारी रहते हैं। उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला, फिर मेरे साथ ही यह पक्षपात क्यों?
Read Also- भारत के 15वें उपराष्ट्रपति बने सीपी राधाकृष्णन, राष्ट्रपति दिलाई शपथ, इस्तीफे के बाद पहली बार नजर आए जगदीप धनखड़
नक्सल मुठभेड़ों को लेकर बघेल ने कहा कि नक्सलवाद का अंत होना निश्चित रूप से स्वागतयोग्य है, लेकिन इसके नाम पर निर्दोष आदिवासियों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई घटनाओं में निर्दोष आदिवासियों को नक्सली बताकर मार दिया गया, जो बेहद चिंताजनक है।




