आशीष पदमवार
बीजापुर। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर में सुरक्षा बलों के समक्ष कुल 25 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में एक दंपति सहित कई वांछित नक्सली शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकरी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में 25 लाख के इनामी एसजेडसीएम (SZCM) स्तर का एक नक्सली शामिल है। इसके साथ ही कुल 1 करोड़ 15 लाख रुपये के इनामी 25 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। ये सभी नक्सली फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी और अन्य हिंसक वारदातों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में निम्न श्रेणियों के नक्सली शामिल हैं:
- SZCM – 01
- DVCM – 02
- कंपनी पीपीसीएम – 02
- बटालियन एवं कंपनी पार्टी सदस्य – 03
- ACM – 08
- एरिया कमेटी पार्टी सदस्य – 02
- LOS सदस्य – 04
- जनताना सरकार अध्यक्ष – 01
- मिलिशिया कंपनी सदस्य – 01
- जनताना सरकार उपाध्यक्ष – 01
इन नक्सलियों ने सरकार की पुनर्वास नीति और ‘नियद नेल्लानार’ जैसी योजनाओं से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा इन्हें मुख्यधारा में जोड़ने के लिए आवश्यक सहयोग व पुनर्वास सहायता प्रदान की जाएगी।




