रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन परीक्षण (SIR) की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में भाजपा ने संगठनात्मक तैयारी को मजबूत करने के लिए बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश विशेष रूप से शामिल होंगे और संगठन को दिशा देंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसदों के साथ-साथ सभी जिलों के अध्यक्ष और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को SIR की प्रक्रिया, नियमों और उससे जुड़ी कानूनी बारीकियों की जानकारी देना है, ताकि वे जनता की मदद करते हुए कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का प्रभावी जवाब दे सकें।
Read Also-  नवा रायपुर में हड़कंप! झाड़ियों के बीच मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने कहा कि कांग्रेस SIR को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। भाजपा का लक्ष्य है कि हर मतदाता तक सटीक जानकारी पहुंचे और कांग्रेस की भ्रामक बातों का पर्दाफाश हो। उन्होंने बताया कि, देश के एक दर्जन से अधिक राज्यों में चुनाव आयोग द्वारा SIR प्रक्रिया चल रही है, और छत्तीसगढ़ में भी यह अब शुरू हो चुकी है।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक राज्य में पार्टी संगठन जनता को SIR से संबंधित समुचित जानकारी और सहयोग प्रदान करेगा। इसी उद्देश्य से विभिन्न राज्यों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। रायपुर में 5 नवंबर को होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में शिव प्रकाश राष्ट्रीय संगठन के दिशा-निर्देश साझा करेंगे और कार्यकर्ताओं को आगामी रणनीति के लिए मार्गदर्शन देंगे।




