मैनपाट। सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट में भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर संगठन और प्रशासन ने कमर कस ली है। यह शिविर 6 जुलाई से शुरू होकर 8 जुलाई तक चलेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रायपुर और भोपाल की बड़ी इवेंट कंपनियों को जिम्मेदारी दी गई है। शैला रिसॉर्ट और करमा रिसॉर्ट को भव्य रूप दिया गया है, वहीं फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में वीवीआईपी नेताओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में ठहरेंगे नड्डा, शाह और अन्य केन्द्रीय मंत्री
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और धर्मेंद्र प्रधान मैनपाट के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में ठहरेंगे। इसे पूरी तरह नया रूप दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में ठहरेंगे। क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय डोलमा रेस्ट हाउस में निवास करेंगे।
Read Also- जल्द आ सकती है पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त, लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, फेंदेलिंग कम्युनिटी हॉल बनेगा ‘पॉवर सेंटर’
शिविर का मुख्य केंद्र तिब्बती कैम्प नंबर-1 स्थित फेंदेलिंग कम्युनिटी हॉल को बनाया गया है, जहां मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के सभी मंत्री, सांसद और विधायक प्रशिक्षण लेंगे। इस क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पांच सौ मीटर के दायरे में केवल शीर्ष संगठन पदाधिकारियों को ही आने की अनुमति होगी। सभी प्रतिभागियों को होटल से प्रशिक्षण स्थल तक बसों के माध्यम से लाया और ले जाया जाएगा।
प्रशिक्षण में भाग लेंगे 12 शीर्ष नेता, समापन में अमित शाह की मौजूदगी
इस शिविर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। प्रशिक्षण देने वालों में बीएल संतोष, शिव प्रकाश, शिवराज सिंह चौहान और धर्मेंद्र प्रधान सहित कुल 12 शीर्ष नेता शामिल होंगे। शिविर के अंतिम दिन संभाग के सभी जिला पंचायत सदस्य और महापौरों को भी आमंत्रित किया गया है।
Read Also- सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: महंगाई भत्ता बढ़कर 53 प्रतिशत हुआ, जुलाई से मिलेगा लाभ!
सरगुजा के व्यंजनों से सजेगी वीआईपी थाली
शिविर में आने वाले वीआईपी मेहमानों को सरगुजा की पारंपरिक थाली परोसी जाएगी। इसमें फुटू, कोचई पत्ता की सब्जी, पुआ रोटी, लकड़ा चटनी और पेज भात जैसे स्थानीय व्यंजन शामिल किए जाएंगे।
अंबिकापुर तक बुक हुए होटल, बारिश बनी चुनौती
शिविर के लिए मैनपाट के सभी रिसॉर्ट और होटल बुक कर लिए गए हैं। करीब 150 कमरों की व्यवस्था के बाद अंबिकापुर के भी कई रेस्ट हाउस और निजी होटल आरक्षित किए गए हैं। हालांकि लगातार हो रही बारिश ने आयोजन में चुनौती जरूर बढ़ाई है, फिर भी आयोजन को भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।




