रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा (सीजीपीएससी) 2025 के लिए नोटिफिकेशन आज जारी होने की संभावना है। अनुमान है कि आयोग लगभग 240 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। ये पद 17 से 20 विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं के लिए प्रस्तावित हैं। इस बार सबसे अधिक पद नायब तहसीलदार के लिए रहने की उम्मीद है। इसी के साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी ख और ग वर्ग की भर्ती भी राज्य सेवा परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी के लिए 10 से अधिक पद अनुमानित हैं, जबकि पिछली परीक्षा में ये संख्या 7 थी।
पिछले वर्ष आयोग ने 246 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। इस वर्ष पदों की संख्या में मामूली कमी मानी जा रही है। पिछले दस वर्षों के रिकार्ड के अनुसार 2015 में सर्वाधिक 352 पदों के लिए भर्ती निकली थी। इनमें से सात बार दो सौ से अधिक पद रहे, जबकि दो बार पदों की संख्या दो सौ से कम रही। आयोग द्वारा 26 नवंबर की शाम तक आधिकारिक सूचना जारी किए जाने की संभावना है।
संभावित पदों में डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी, छत्तीसगढ़ राज्य वित्त सेवा अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संचालक (वित्त, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण एवं महिला-बाल विकास विभाग), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, बाल विकास परियोजना अधिकारी, अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी, राज्य कर निरीक्षक, आबकारी उप निरीक्षक, नायब तहसीलदार, उप पंजीयक, सहकारी निरीक्षक या सहकारिता विस्तार अधिकारी और सहायक जेल अधीक्षक जैसे पद शामिल होने की संभावना है।
सीजीपीएससी 2025 को लेकर यह अटकलें थीं कि इस वर्ष परीक्षा नियमों में बदलाव किया जा सकता है, लेकिन सूत्रों के अनुसार प्रारूप यथावत रहेगा। परीक्षा पिछली बार की तरह ही प्रारंभिक और मुख्य चरण में आयोजित की जाएगी। सिलेबस में भी कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा फरवरी 2025 में आयोजित होने का अनुमान है।




