रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रिंसिपल द्वारा नर्सरी में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ बर्बरता की गई। आरोप है कि बच्ची ने स्कूल में ‘राधे-राधे’ कहकर अभिवादन किया, जिससे नाराज होकर प्रिंसिपल ईला ईवन कौलविन ने उसके मुंह पर टेप चिपका दिया और कलाई पर डंडे से मारा।
राजनांदगांव: प्लॉट रजिस्ट्री के नाम पर 17 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
पिता की शिकायत पर मामला दर्ज
बच्ची के पिता प्रवीण यादव ने बताया कि बुधवार को जब उनकी बेटी स्कूल से घर लौटी तो वह रोते हुए पूरी घटना सुनाने लगी। परिजनों ने मामले की शिकायत गुरुवार को नंदिनी पुलिस से की। इसके बाद प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की पुष्टि
सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि जांच में सामने आया कि बच्ची अंतर्मुखी स्वभाव की है और वह अक्सर ‘राधे-राधे’ बोलकर ही लोगों का अभिवादन करती है। इसी बात पर नाराज होकर प्रिंसिपल ने उसे करीब 15 मिनट तक टेप से चुप कर रखा, जिससे बच्ची को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 299 और किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया है।
स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रिंसिपल को तत्काल बर्खास्त करने और स्कूल की जांच कराने की मांग की। हालात को देखते हुए स्कूल को बंद कर दिया गया।
पुलिस जांच जारी
थाना प्रभारी पारस सिंह ठाकुर ने बताया कि बच्ची की कलाई पर मारपीट के स्पष्ट निशान मिले हैं और प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंसिपल ने जानबूझकर बच्ची को प्रताड़ित किया। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और स्कूल प्रशासन से भी पूछताछ जारी है।




