रायपुर। छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मिली है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने राज्य की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग (लेफ्ट हैंड साइड) का निर्माण मात्र 12 महीनों में पूरा कर लिया है। यह सुरंग रायपुर–विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे (NH-130CD) का हिस्सा है। 2.79 किलोमीटर लंबी इस ट्विन ट्यूब टनल के बन जाने से प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के यातायात और व्यापार को नई दिशा मिलेगी।
टनल के पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद रायपुर से विशाखापट्टनम की यात्रा और तेज तथा सुगम हो जाएगी। इससे न केवल व्यापार और उद्योग को नई गति मिलेगी, बल्कि छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क भी और अधिक सुदृढ़ होगा। इसके साथ ही पर्यटन और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आने की संभावना है।
Read Also- सामान्य सभा से पहले बिलासपुर नगर निगम की MIC बैठक, 12 प्रस्तावों को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री बोले – सशक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि सड़क और परिवहन अधोसंरचना का विकास प्रदेश की प्रगति की रीढ़ है, और इस टनल से पर्यटन व सामाजिक-आर्थिक जुड़ाव के नए अवसर खुलेंगे।
केंद्रीय मंत्री और NHAI टीम का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन के अनुरूप यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।




