नई दिल्ली/ रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर राज्य की विभिन्न जल परियोजनाओं, विशेषकर बस्तर अंचल की बहुप्रतीक्षित बोधघाट बहुद्देशीय परियोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि बोधघाट परियोजना बस्तर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो क्षेत्र की सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और विद्युत उत्पादन की आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना लगभग 8 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई और 125 मेगावाट विद्युत उत्पादन की क्षमता रखती है, जिससे बस्तर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा।
Read Also- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी से की भेंट, राज्य की विकास योजनाओं से कराया अवगत
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से वंचित रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार की प्राथमिकता है कि क्षेत्र को नक्सल हिंसा से मुक्त कर आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जाए। उन्होंने बताया कि अब क्षेत्र में नक्सल प्रभाव में उल्लेखनीय कमी आई है और विकास कार्यों के लिए अनुकूल वातावरण बन रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि बोधघाट परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना के रूप में घोषित करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए, जिससे इसके निर्माण में तेजी लाई जा सके।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और परियोजना से संबंधित प्रस्तावों का शीघ्र तकनीकी परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, राज्य के विकास में हरसंभव सहयोग करेगी।




