खैरागढ़। जिले के अतरिया गांव में शुक्रवार तड़के एक दंपति की उनके घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान बाबूलाल शोरी (55) और उनकी पत्नी सुनती बाई शोरी (51) के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर गंडई थाना प्रभारी राजेश देवदास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Read Also- हाई टेंशन टावर मुआवजे की राशि पर नाराजगी: 19 गांवों के किसानों ने किया कलेक्टोरेट घेराव, किसान नेता ने आत्मदाह की कोशिश
संदेही पड़ोसी हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक दंपति के पड़ोसी भगवती गोंड (35) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि संदेही मृतक के घर के ठीक सामने रहता था। शुरुआती जांच में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि संदेही से लगातार पूछताछ की जा रही है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है।
गांव में पुलिस बल की तैनाती, ग्रामीणों में आक्रोश
दंपति की निर्मम हत्या के बाद अतरिया गांव में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों ने इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




