दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के न्यू पुलिस लाइन में पदस्थ 35 वर्षीय आरक्षक सुरेश साहू ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक सुरेश साहू अनुकंपा नियुक्ति के तहत पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सुरेश साहू अपनी पत्नी को राखी के अवसर पर उनके मायके छोड़ने गए थे। इसके बाद वह अकेले घर लौट आए। शाम करीब 4 बजे जब उनकी पत्नी ने उन्हें फोन किया और बार-बार कॉल करने पर भी कोई उत्तर नहीं मिला, तो उन्हें आशंका हुई। वह तुरंत घर लौटीं, जहां उन्होंने देखा कि सुरेश फांसी के फंदे से लटके हुए हैं।
Read Also- जमानत पर रिहा होते ही निकाला जुलूस, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने आदतन अपराधी को फिर भेजा जेल
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सुरेश को फंदे से नीचे उतारा। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं है कि सुरेश ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस परिजनों और सहयोगियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है।




