बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर वन क्षेत्र अंतर्गत कैलाशपुर गांव में एक बार फिर हाथी का आतंक देखने को मिला। रविवार तड़के सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच एक जंगली हाथी आबादी क्षेत्र में घुस आया और किसानों के घरों में जमकर तोड़फोड़ मचाई। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने गांव के एक किसान के घर को काफी नुकसान पहुंचाया। लोगों ने किसी तरह घरों में छिपकर अपनी जान बचाई। जैसे ही घटना की सूचना मिली, वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी अभी भी कैलाशपुर के जंगल में ही मौजूद है और उसे वापस जंगल की गहराई में खदेड़ने की कोशिश की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
गांव में लगातार हो रही हाथियों की आमद से ग्रामीण भयभीत हैं। पिछले कुछ महीनों में यह तीसरी घटना है जब हाथी ने आबादी क्षेत्र में घुसकर नुकसान पहुंचाया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान और सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हाथी को जंगल से दूर ले जाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हाथी को सुरक्षित तरीके से आबादी क्षेत्र से बाहर निकाल लिया जाएगा।




