बेंगलुरु। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने एशिया कप 2025 और नए घरेलू सीजन की तैयारियों के तहत बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में फिटनेस टेस्ट दिया।
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया। प्रसिद्ध कृष्णा को इस टेस्ट में सबसे ज्यादा अंक मिले। वहीं, विकेटकीपर ध्रुव जुरेल चोटिल होने के कारण इसमें हिस्सा नहीं ले सके।
फिटनेस टेस्ट में तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाक सफल नहीं हो पाए। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब उनकी जगह वासुकी कौशिक को दलीप ट्रॉफी में साउथ जोन की टीम में शामिल किया गया है। साउथ जोन और नॉर्थ जोन के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 4 सितंबर से खेला जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, विराट कोहली भी ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट दे सकते हैं। वह फिलहाल लंदन में हैं।
विजयकुमार वैशाक आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के लिए खेले थे, जहां उन्होंने चोट से वापसी करते हुए पांच मैचों में चार विकेट लिए। घरेलू क्रिकेट में वह कर्नाटक की टीम के अहम सदस्य हैं और अब तक 26 प्रथम श्रेणी मैचों में 103 विकेट हासिल कर चुके हैं।




