रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर निराश्रित पशुओं की आवाजाही पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की एक प्रमुख वजह निराश्रित मवेशी हैं, जिन्हें नियंत्रित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को त्वरित, ठोस और समन्वित कार्य योजना के साथ आगे बढ़ना होगा।
मुख्यमंत्री ने पशुधन विकास, नगरीय प्रशासन एवं विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और लोक निर्माण विभाग को आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारी साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समस्या शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में गंभीर है और इसके समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।
Read Also- अरुण साव का कांग्रेस पर तीखा वार, कहा- नाकेबंदी साबित हुई फुस्स, भूपेश ने छत्तीसगढ़ को किया शर्मसार, जनता ने दिखाया आईना
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में संचालित गौशालाओं, गौठानों, कांजी हाउस और काउ-कैचर जैसी व्यवस्थाओं की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। इन संस्थानों की वर्तमान उपयोगिता, क्षमता और सुधार की संभावनाओं पर भी गहन चर्चा की गई तथा सुझाव आमंत्रित किए गए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित गांवों में पशुओं के प्रबंधन हेतु प्रभावी और व्यावहारिक मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे पर पशुओं की उपस्थिति केवल यातायात में बाधा नहीं, बल्कि जानलेवा दुर्घटनाओं का कारण बनती है, अतः इस दिशा में प्राथमिकता के साथ कार्रवाई आवश्यक है।
Read Also- रेल यात्री ध्यान दें…! छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 26 ट्रेनें की गई रद्द, देखें पूरी लिस्ट
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों और उनमें निराश्रित पशुओं की भूमिका की समीक्षा की गई। गोधन विकास से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने निराश्रित और लावारिस गौवंश की देखभाल, चारे की उपलब्धता और उनके पुनर्वास के लिए सुनियोजित रणनीति अपनाने की बात कही।
नगरीय क्षेत्रों में सड़कों पर घूमने वाले पशुओं की रोकथाम के लिए काउ-कैचर की कार्यप्रणाली और उसके विस्तार पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक के दौरान कृषि एवं पशुधन विकास विभाग की सचिव शहला निगार ने प्रस्तुति के माध्यम से प्रदेशभर की गौठानों, गौशालाओं और पशुधन विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।




