अंबिकापुर। तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर अंबिकापुर में देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है।
भारी बारिश के बीच नक्सल ऑपरेशन में मिली सफलता, जंगलों से बरामद हुआ नक्सलियों का विस्फोटक और राशन सामग्री
यह हादसा गांधीनगर थाना क्षेत्र के चठिरमा इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, कार में तीन युवक और दो युवतियां सवार थीं, जो अंबिकापुर की ओर जा रहे थे। चठिरमा के पास अचानक तेज रफ्तार कार का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। जोरदार टक्कर के चलते कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




