रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को नारायण अस्पताल, रायपुर में भर्ती घायल CRPF जवान आलम मुकेश से मुलाकात की। जवान मुकेश दंतेवाड़ा जिले के मालवाही क्षेत्र में हुए आईईडी विस्फोट में घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के उपरांत रायपुर रेफर किया गया था।
गृहमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायल जवान का हालचाल जाना और डॉक्टरों तथा अस्पताल प्रबंधन से उनकी स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि जवान की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें समुचित चिकित्सकीय देखभाल दी जा रही है।
हिम्मत और जज्बे की सराहना
जवान से बातचीत के दौरान विजय शर्मा ने उनके साहस और जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में अपने सुरक्षाबलों के साथ खड़ी है। “जवानों का अदम्य साहस और समर्पण ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना का आधार है,” उन्होंने कहा।
Read Also- रायपुर में वायरल ‘न्यूड पार्टी’ पोस्टर से मचा बवाल, दो युवक हिरासत में, पूछताछ जारी
परिवार को सहायता का आश्वासन
गृहमंत्री ने जवान के परिवार को भी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि इलाज में कोई भी कमी न रहे और जवान को सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
विजय शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य सरकार नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों के मनोबल को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। घायल और शहीद जवानों के परिवारों को हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा।




