किडनी शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो खून से अपशिष्ट पदार्थों को छानने और अतिरिक्त तरल बाहर निकालने का काम करती है। जब किडनी ठीक से कार्य नहीं कर पाती, तो शरीर में वेस्ट और फ्लूड जमा होने लगते हैं, जिससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसके आम लक्षणों में थकान, कमजोरी, चेहरे और पैरों में सूजन, पेशाब में झाग या खून, भूख कम लगना और रात में बार-बार पेशाब आना शामिल हैं। डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर इसके प्रमुख कारण माने जाते हैं।
त्वचा पर दिखते संकेत
किडनी की बीमारी के कई संकेत आपकी त्वचा पर भी नजर आते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, त्वचा में आने वाले कुछ बदलाव किडनी की कार्यप्रणाली पर सीधा संकेत देते हैं।
रूखी और खुजलीदार त्वचा
नेशनल किडनी फाउंडेशन के अनुसार, किडनी शरीर से वेस्ट और अतिरिक्त तरल पदार्थ निकालने के साथ ही लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण, हड्डियों को मजबूत रखने और खनिज संतुलन बनाए रखने का महत्वपूर्ण काम करती है। जब किडनियां इन कार्यों को सही तरीके से नहीं कर पातीं, तो स्किन रूखी होने और खुजली की समस्या बढ़ सकती है। यह अक्सर खनिज और हड्डी संबंधी बीमारी का संकेत होता है, जो किडनी रोग के उन्नत चरण में देखने को मिलता है।
त्वचा पर सूजन
किडनी द्वारा तरल पदार्थ ठीक से बाहर न निकाल पाने की स्थिति में शरीर में फ्लूड जमा होने लगता है। इसका असर खासकर आंखों के आसपास, पैरों, टखनों और हाथों में सूजन के रूप में दिखाई देता है।
त्वचा के रंग में बदलाव
शरीर में टॉक्सिन्स बढ़ने से त्वचा और आंखों का रंग पीला पड़ सकता है, जो पीलिया का संकेत है। इसके अलावा, किडनी रोग में होने वाली एनीमिया की समस्या भी त्वचा का रंग फीका या पीला कर सकती है।
घाव और चकत्ते
किडनी की खराबी की स्थिति में त्वचा में अत्यधिक खुजली होती है। लगातार खुजलाने से त्वचा पर घाव, चकत्ते या धब्बे दिखाई देने लगते हैं।
इन संकेतों को नजरअंदाज करना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए शुरुआती लक्षण दिखते ही समय पर जांच और उपचार कराना जरूरी है।




