कटक। बाराबती स्टेडियम में मंगलवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। भारतीय टीम ने इस मैच में साउथ अफ्रीका को 101 रनों के विशाल अंतर से हराकर सीरीज का शानदार आगाज किया। यह सीरीज दो महीने बाद होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में छह विकेट पर 176 रन बनाए। हार्दिक पंड्या ने नाबाद 59 रनों की उपयोगी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 13वें ओवर में ही 74 रनों पर ऑलआउट हो गई।
#### साउथ अफ्रीका की पारी का संक्षिप्त विवरण
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने क्विंटन डिकॉक को शून्य पर आउट कर दिया। तीसरे ओवर में अर्शदीप ने ट्रिस्टन स्टब्स को 14 रन पर पवेलियन भेजा। छठे ओवर की पहली गेंद पर अक्षर पटेल ने कप्तान एडेन मार्करम को 14 रन पर आउट किया।
सातवें ओवर में हार्दिक पंड्या ने अपनी पहली ही गेंद पर डेविड मिलर को शिकार बनाया, जिससे 50 रनों के अंदर ही साउथ अफ्रीका को चौथा झटका लगा। आठवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने पांचवां विकेट लिया। दसवें ओवर में वरुण ने मार्को जानसेन को 12 रन पर बोल्ड कर छठा झटका दिया।
ग्यारहवें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने माइकल ब्रेविस को आउट किया, जिसके साथ ही उनके टी20 करियर में 100 विकेट पूरे हो गए। इसी ओवर में बुमराह ने केशव महाराज का भी विकेट झटका। बारहवें ओवर में अक्षर पटेल ने नौवां विकेट लिया। तेरहवें ओवर में शिवम दुबे ने अंतिम विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को 74 पर समेट दिया।




