रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फ्लाइट संचालन का संकट गहराता जा रहा है। सोमवार सुबह 11 बजे तक ही रायपुर से उड़ान भरने वाली 6 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं, जिनमें 5 फ्लाइट इंडिगो एयरलाइंस की थीं। इनमें मुंबई के लिए 2, हैदराबाद के लिए 2 और बेंगलुरु के लिए 1 उड़ान शामिल है। फ्लाइट कैंसिल होने के बाद यात्रियों का भारी दबाव अब ट्रेनों और बसों पर बढ़ गया है।
इसी तरह रायपुर आने वाली 5 फ्लाइटें भी रद्द की गईं। इनमें से चार फ्लाइट इंडिगो की थीं—तीन हैदराबाद से आने वाली और एक बेंगलुरु से। आशंका जताई जा रही है कि दिनभर में और भी उड़ानें कैंसिल, डायवर्ट या डिले हो सकती हैं।
Read Also- कवर्धा में मेडिकल कॉलेज भूमिपूजन की तैयारियों का उपमुख्यमंत्री ने किया व्यापक निरीक्षण
पिछले तीन दिनों में कुल 54 फ्लाइटें रद्द हुई हैं, जिससे यात्रियों की यात्राएं पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई हैं। कई यात्रियों को न तो एयरलाइन की ओर से स्पष्ट सूचना मिल रही है और न ही एयरपोर्ट प्रबंधन समस्या पर सामने आ रहा है।
लोगों का कहना है कि बिना जानकारी और समन्वय के अचानक उड़ानें रद्द होने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को विकल्पों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जबकि समस्या की असली वजह पर अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।




