रायपुर। कवर्धा में 11 दिसंबर को होने वाले मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन कार्यक्रम को सफल बनाने प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है। इसी सिलसिले में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि रूप में शामिल होंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन से जुड़ी तैयारियों की प्रगति जानी। इसके बाद उन्होंने घोटिया स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और पेयजल जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर व्यवस्था समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरी की जाए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवेश और निकासी मार्गों को व्यवस्थित किया जाए तथा प्रत्येक सेक्टर में पर्याप्त बैठक और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच के साथ बड़े पैमाने पर डोम और पंडाल तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें आने वाले लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था होगी। साथ ही विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अन्य आवश्यक व्यवस्था जैसे विद्युत, सफाई, चिकित्सा तथा आपात प्रबंधन के कार्य भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
तैयारियों के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, डीएफओ निखिल अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत अजय कुमार त्रिपाठी, एडीएम विनय पोयाम, एएसपी पंकज पटेल, एसडीएम चेतन साहू, एसडीओपी कृष्णा चंद्राकार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




