अंबिकापुर। सरगुजा के राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज में तृतीय और चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को मेडिकल कॉलेज डीन ने औपचारिक रूप से निरस्त कर दिया है। अब यह भर्ती प्रक्रिया व्यापम के माध्यम से पूरी की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, 2022 में कांग्रेस शासनकाल में मेडिकल कॉलेज में स्टेनोग्राफर, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय, आया, स्वीपर सहित अन्य पदों के लिए आवेदन मंगाए गए थे। इन पदों के लिए जिले और संभाग के हजारों युवाओं ने आवेदन किया था, और आवेदन फीस के रूप में करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपए जमा किए गए थे। लेकिन विवादों और प्रशासनिक देरी के चलते यह भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
Read Also- किसानों की शिकायत पर कार्रवाई: पटवारी निलंबित, कलेक्टर ने चेताया- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
2023 के चुनाव के बाद प्रदेश में सरकार बदलने के साथ, पुरानी भर्ती प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया गया। 23 अप्रैल 2025 को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की मौजूदगी में हुई स्वशासी समिति की बैठक में इसे निरस्त करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 18 सितंबर 2025 को मेडिकल कॉलेज डीन ने इसे औपचारिक रूप से रद्द करने का आदेश जारी किया।
डीन के अनुसार, अब खाली पदों की भर्ती व्यापम परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। वहीं, पहले जमा किए गए आवेदन शुल्क को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। फॉर्म भरने के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों से 300 रुपये और एससी-एसटी वर्ग से 200 रुपये वसूले गए थे।
Read Also- छत्तीसगढ़ पीएससी घोटाला: CBI ने पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक समेत पाँच आरोपियों को किया गिरफ्तार
तीन साल से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं के लिए यह निर्णय बड़ा झटका है, क्योंकि हजारों लोग नियुक्ति की उम्मीद में थे और अब उन्हें नई प्रक्रिया के तहत फिर से आवेदन करना होगा।
देखें डीन का आदेश…






