रायगढ़। रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन के निर्माण कार्य के चलते 11 अप्रैल से 24 अप्रैल तक रायगढ़ होकर गुजरने वाली 36 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इन ट्रेनों में रायगढ़-बिलासपुर मेमू, बिलासपुर-रायगढ़ मेमू सहित कई पैसेंजर, साप्ताहिक और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
हर दिन रायगढ़ से बिलासपुर और ओडिशा की ओर हजारों यात्री यात्रा करते हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उन दैनिक यात्रियों को हो रही है, जो खरसिया, सक्ती, चांपा और बिलासपुर के बीच अप-डाउन करते हैं।
Read Also- वक्फ संशोधन कानून पर SC में हुई सुनवाई, केंद्र सरकार को नोटिस जारी
अधिक भाड़ा और स्टेशन पर सन्नाटा
ट्रेनों के रद्द होने के कारण यात्रियों को निजी वाहनों और बसों से यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें अतिरिक्त भाड़ा चुकाना पड़ रहा है। निजी वाहनों की बुकिंग के दौरान मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं, वहीं बसों का किराया भी बढ़ा हुआ है। ट्रेनों की आवाजाही बंद होने से रेलवे स्टेशन भी सुनसान पड़ा हुआ है।
Read Also- बस्तर संभाग में विकास कार्यों की समीक्षा: सीएम साय ने जनकल्याणकारी योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन का दिया निर्देश
फिलहाल केवल टिटलागढ़ पैसेंजर चल रही
इस संबंध में रायगढ़ के मुख्य स्टेशन प्रबंधक एसएस महापात्रे ने बताया कि चौथी लाइन के कार्य के कारण अस्थायी रूप से ट्रेनों को रद्द किया गया है। फिलहाल केवल टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन चालू है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही निर्माण कार्य पूरा होगा, ट्रेन सेवाएं पुनः बहाल कर दी जाएंगी।




