श्योपुर। जिले के ढोढर थाना क्षेत्र के सहराना गांव से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी मां के साथ मिलकर अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को प्राकृतिक मौत दिखाने और सबूत मिटाने के इरादे से रात के अंधेरे में अंतिम संस्कार करने की कोशिश की, लेकिन समय रहते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साजिश को नाकाम कर दिया और चिता से शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतिका की पहचान मीना वाल्मीकि के रूप में हुई है, जिसका मायका राजस्थान के भरतपुर जिले में बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सनी जाटव की मुलाकात मीना से जयपुर में हुई थी, जहां दोनों मजदूरी का काम करते थे। मीना का पति छोटेलाल भी जयपुर में मजदूरी करता था। करीब एक साल पहले सनी, मीना को जयपुर से श्योपुर ले आया था, जहां वह उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इस दौरान सनी की मां कमलाबाई भी उनके साथ रहती थी।
पुलिस के मुताबिक रविवार शाम घर के काम को लेकर मीना का सनी और उसकी मां से विवाद हो गया। विवाद के दौरान मां-बेटे ने मिलकर मीना की डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसके नाक और सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने मीना का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी मां-बेटे ने शव को चोरी-छिपे ठिकाने लगाने की योजना बनाई। रात के समय शव को गांव के मुक्तिधाम ले जाकर चिता पर रख दिया गया। इसी दौरान ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर पुलिस टीम के साथ श्मशान घाट पहुंचे और अंतिम संस्कार रुकवाया। पुलिस ने चिता से शव उतरवाकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने बताया कि महिला के साथ मारपीट कर हत्या किए जाने के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।




