बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के केपीड़िया गांव में बीते गुरुवार दोपहर नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी की चपेट में आने से एक आदिवासी बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गंगालूर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बालक गांव के पास जंगल के रास्ते से गुजर रहा था, तभी उसका पैर जमीन में छिपाए गए प्रेशर आईईडी पर पड़ गया। जोरदार धमाके से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 199वीं और 85वीं बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे और घायल बालक को तुरंत कैंप लाकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
Read Also- सीएम साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक सम्पन्न, कई निर्णायक फैसलों पर लगी मुहर
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में फिर गूंजा धमाका
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह इलाका लंबे समय से नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है। बारूदी सुरंगों और आईईडी विस्फोटों की घटनाओं के कारण आम नागरिकों की जान पर लगातार खतरा बना रहता है। पिछले कुछ महीनों में भी ऐसे कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें ग्रामीणों की जान गई है।
आदिवासी समुदाय में आक्रोश, सुरक्षा की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय आदिवासी समुदाय में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से माओवादी हिंसा पर रोक लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Read Also- रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया आदिम जाति कल्याण विभाग का बाबू, ACB ने की कार्रवाई…
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। जवान इलाके को खंगाल रहे हैं ताकि नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके और आगे किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।




