स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड दौरे पर एक और झटका लगा है। युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी घुटने की चोट के चलते एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी (टेस्ट सीरीज) से बाहर हो गए हैं। रविवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान उन्हें यह चोट लगी। BCCI ने सोमवार को जारी प्रेस रिलीज में जानकारी दी कि नीतीश अब इस टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। उनके साथ-साथ लेफ्ट आर्म पेसर अर्शदीप सिंह भी चोट के चलते चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। अर्शदीप को बेकेनहम में नेट प्रैक्टिस के दौरान गेंद रोकते समय बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लग गई। मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है।
अंशुल कंबोज को मिला मौका
नीतीश और अर्शदीप के बाहर होने के बाद हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया है। 24 वर्षीय अंशुल मैनचेस्टर में टीम से जुड़ चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ इंडिया ए की ओर से खेलते हुए दो मैचों में पांच विकेट झटके थे।अंशुल ने पिछले साल रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं। वे रणजी इतिहास में ऐसा करने वाले केवल तीसरे गेंदबाज बने थे।
Read Also- भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने ढाका में होने वाली ACC बैठक से बनाई दूरी, एशिया कप पर मंडराया संकट
आकाश दीप पहले ही बाहर, शार्दूल को मिल सकता है मौका
इससे पहले खबर आई थी कि तेज गेंदबाज आकाश दीप भी चोटिल हैं और चौथे टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में संभावना है कि टीम मैनेजमेंट शार्दूल ठाकुर को मौका दे, जिन्होंने पहले टेस्ट में नीतीश की जगह ली थी।
केएल राहुल फिट, मैनचेस्टर में भिड़ंत 23 जुलाई से
रविवार को भारतीय टीम ओल्ड ट्रैफर्ड में मैनचेस्टर यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों से मिलने गई थी, जिसमें नीतीश और केएल राहुल शामिल नहीं हुए। हालांकि BCCI ने पुष्टि की है कि राहुल पूरी तरह फिट हैं और उनकी फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से 27 जुलाई तक मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। फिलहाल भारत सीरीज में 1-2 से पीछे है और सीरीज में बने रहने के लिए उसे यह मैच हर हाल में जीतना होगा।




