रायपुर। कैथोलिक ननों को मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद एनआईए कोर्ट से जमानत मिलने पर उन्हें रिहा कर दिया गया है। इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ सांसद बृजमोहन अग्रवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कोर्ट के निर्णय का सम्मान करते हुए कहा कि यह सिर्फ जमानत है, मुकदमा अभी बाकी है।
सांसद ने आरोप लगाया कि इन ननों की गतिविधियां संदिग्ध थीं और धर्मांतरण की दिशा में काम कर रही थीं। उन्होंने सवाल उठाया, केरल की नन्स की छत्तीसगढ़ में क्या जरूरत थी? वे केवल कुछ घंटों के लिए आती थीं और फिर बच्चियों को अपने साथ लेकर जाती थीं। देशभर में आदिवासी युवतियों को नौकरी का लालच देकर उनका धर्मांतरण किया जा रहा है। यह गंभीर चिंता का विषय है।
बृंदा करात के बयान पर पलटवार, बोले– ‘क्या वे धर्मांतरण के पक्ष में हैं?’
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की वरिष्ठ नेता बृंदा करात द्वारा बजरंग दल पर कार्रवाई की मांग को लेकर बृजमोहन अग्रवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, बृंदा करात को छत्तीसगढ़ आने की आवश्यकता क्यों है? क्या वे धर्मांतरण और बच्चियों के शोषण का समर्थन करती हैं? छत्तीसगढ़ की जनता अब इन साजिशों को समझ चुकी है।
Read Also- स्कूल में बच्चों को परोसा गया कुत्ते का जूठा खाना, शिकायत के बावजूद नहीं रोकी गई सर्विंग, 78 बच्चों को देना पड़ा एंटी-रेबीज टीका
जगन्नाथ सेना को बताया धर्म रक्षा का सही कदम
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने धर्मांतरण के खिलाफ बनाए गए संगठन ‘जगन्नाथ सेना’ के गठन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा द्वारा गठित यह संगठन धर्मांतरण के खिलाफ एक सकारात्मक प्रयास है। धर्म की रक्षा के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं। जो लोग छत्तीसगढ़ में सांस्कृतिक घुसपैठ कर रहे हैं, उन्हें जवाब देना होगा।
रेल सौगात पर पीएम मोदी का आभार, बिलासपुर को रूट में जोड़ने की मांग
रायपुर से जबलपुर के बीच शुरू हो रही नई ट्रेन सेवा को लेकर बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा, यह छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री मोदी का इसके लिए धन्यवाद करता हूं।
हालांकि, उन्होंने यात्रियों की मांग को भी उठाया और कहा कि इस रूट में बिलासपुर को जोड़ा जाना चाहिए। “मैं इस विषय में रेल मंत्री से बात करूंगा ताकि यह ट्रेन भविष्य में बिलासपुर से प्रारंभ हो सके।
Read Also- महतारी वंदन योजना की 18वीं किस्त जारी: क्या आपके खाते में आए पैसे? तुरंत यहां करें चेक!
विपक्ष पर बरसे सांसद, मानसून सत्र में हंगामे का आरोप
संसद के मानसून सत्र को लेकर भी बृजमोहन अग्रवाल ने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, विपक्ष का रवैया गैर-जिम्मेदाराना है। वे बहस की बजाय लगातार हंगामा कर रहे हैं। इससे संसद की कार्यवाही बाधित हो रही है।




