रायगढ़. जिले में सोशल मीडिया पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और विशेष समुदायों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में 20 वर्षीय दीपांशु सिंह राजपूत को कोतरारोड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी, मूल रूप से रीवा (मध्य प्रदेश) का निवासी, वर्तमान में रायगढ़ के भगवानपुर में किराए के मकान में रह रहा था। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
लोरमी में खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला की हत्या, अज्ञात हमलावर की तलाश जारी
भीम आर्मी भारत एकता मिशन छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार महेश ने कोतरारोड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि दीपांशु ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से डॉ. अंबेडकर और विशेष समुदायों के प्रति अभद्र, जातिगत और समाज में वैमनस्य फैलाने वाली टिप्पणियां की थीं। थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी को हिरासत में लिया।
थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों के हुए तबादले, देखिये किसे कहां भेजा गया
पूछताछ में दीपांशु ने आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास), 351(1), 352(2) के साथ-साथ अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v)(a) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी और उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त की टीम ने जांच और गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर जातीय, धार्मिक या सामाजिक विद्वेष फैलाने वाली पोस्ट पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसी घटनाओं पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि सामाजिक समरसता बनी रहे और किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत न हों। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करने की अपील की है।




