बीजापुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया और उनके शव-हथियार बरामद कर लिए गए हैं। नक्सली लीडर पापाराव के मौजूदगी की सूचना मिलने पर फोर्स को रवाना किया गया था। तभी जवानों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई।
जानकारी के अनुसार डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों की सूचना पर अभियान शुरू किया। इसी दौरान उनका नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी से सामना हो गया। सुबह से दोनों ओर से गोलीबारी हो रही है। मुठभेड़ अभी भी जारी है। घटनास्थल से दो AK47 राइफल भी बरामद किया गया है।
बड़े नक्सली लीडर पापाराव की होने की आशंका
बताया जा रहा है कि नक्सलियों के बड़े लीडरों में से एक पापाराव और दिलीप वेंडजा की भी मुठभेड़ में होने की आशंका है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। एसपी जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी मुठभेड़ जारी है। पृथक जानकारी अलग से साझा की जाएगी।




