नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल के अंतिम सप्ताह में भारत की यात्रा पर आ सकते हैं। रूसी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, इस बात की जानकारी भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने दी है।
अजीत डोभाल वर्तमान में रूस के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मुलाकात की। इस दौरान डोभाल ने कहा, अब हमारे बहुत अच्छे रिश्ते बन गए हैं, जिनकी हम कदर करते हैं। हमारे देशों के बीच एक मजबूत साझेदारी है और हम हाई लेवल पर बातचीत करते हैं।
Read Also- RTI के दायरे से बाहर रहेगा BCCI: खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक में किया संशोधन, जानिए वजह
यह दौरा ऑपरेशन सिंदूर के बाद डोभाल की पहली मॉस्को यात्रा है। इस दौरान उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की भी संभावना है।
डोभाल की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत-रूस संबंधों पर हाल ही में कुछ तीखी टिप्पणियां की थीं। इस कारण यह दौरा कूटनीतिक रूप से और भी अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत और रूस के बीच वर्षों से रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बना हुआ है। राष्ट्रपति पुतिन की संभावित भारत यात्रा से दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




