स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ माने जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अपने 15 साल लंबे करियर को अलविदा कहा। पुजारा का आखिरी इंटरनेशनल मैच जून 2023 में खेला गया था।
15 साल का शानदार करियर
पुजारा ने साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट से डेब्यू किया था। इसके बाद वे भारतीय टेस्ट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज बने।
- उन्होंने 103 टेस्ट मैच खेले और 176 पारियों में 43.60 की औसत से 7,195 रन बनाए।
- उनके खाते में 19 शतक और 35 अर्धशतक दर्ज हैं।
- उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 206 रन रहा।
वनडे क्रिकेट में उन्हें सिर्फ 5 मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 51 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 27 रन रहा। टी-20 इंटरनेशनल खेलने का अवसर उन्हें नहीं मिल सका।
पुजारा का भावुक संदेश
संन्यास की घोषणा करते हुए पुजारा ने सोशल मिडिया में लिखा- भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और मैदान पर अपना सबकुछ झोंक देना एक ऐसा अनुभव रहा जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। लेकिन हर अच्छी चीज का एक अंत होता है। अब समय आ गया है कि मैं क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से विदाई लूं।

उन्होंने BCCI, सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन, अपने गुरुओं, कोचों और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया। साथ ही अपने साथी खिलाड़ियों, नेट बॉलर्स, ग्राउंड स्टाफ, अंपायरों और मीडिया कर्मियों को भी धन्यवाद दिया।
परिवार और फैंस के लिए विशेष संदेश
पुजारा ने अपने परिवार – माता-पिता, पत्नी पूजा और बेटी अदिति – को अपना सबसे बड़ा सहारा बताया। उन्होंने लिखा कि परिवार के अटूट समर्थन और त्याग के बिना उनका क्रिकेट सफर संभव नहीं था। साथ ही दुनियाभर के फैंस के प्यार और प्रोत्साहन के लिए भी उन्होंने आभार जताया।




