नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज और ‘दीवार’ कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे पुजारा ने आखिरकार क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
पुजारा का करियर भले ही टेस्ट तक सीमित रहा हो, लेकिन उनकी धैर्य और तकनीक पर आधारित बल्लेबाजी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का अभिन्न हिस्सा बनाया। हालांकि, क्रिकेट छोड़ने के बाद अब उनकी आय के स्रोत बदल सकते हैं और वे नए रास्ते तलाश सकते हैं।
कितनी है पुजारा की नेटवर्थ
पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेले हैं, जबकि वनडे में वह सिर्फ 5 बार उतरे और टी20 अंतरराष्ट्रीय में कभी भी जगह नहीं बना पाए। आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा, जिसके चलते वह विराट कोहली या रोहित शर्मा जैसे बड़े ब्रांड नहीं बन पाए।
फिर भी क्रिकेट से उन्होंने अच्छी-खासी कमाई की। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुजारा की कुल संपत्ति (नेटवर्थ) करीब 24 करोड़ रुपये आंकी जाती है। उनकी मासिक आय लगभग 15 लाख रुपये बताई जाती है।
बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बी ग्रेड के तहत उन्हें सालाना 3 करोड़ रुपये मिलते थे। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट से मिलने वाली फीस और कुछ एंडोर्समेंट भी उनकी आय का हिस्सा रहे। पुजारा के पास आलीशान घर और लग्जरी कारें भी हैं।
क्या करेंगे पुजारा आगे?
क्रिकेट से विदाई के बाद पुजारा के सामने नई राहें खुल रही हैं। हाल ही में इंग्लैंड सीरीज के दौरान वह बतौर कमेंटेटर नजर आए थे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वह आगे ब्रॉडकास्टिंग और क्रिकेट एक्सपर्ट की भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा कोचिंग भी उनके लिए एक बड़ा विकल्प हो सकता है।
भारतीय क्रिकेट में पुजारा की पहचान
चेतेश्वर पुजारा अपनी धैर्यपूर्ण और क्लासिकल बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विदेशों में कई यादगार पारियां खेलीं और भारतीय टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। उनकी यह विरासत आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।




