स्पोर्ट्स डेस्क। डबल ओलिंपिक मेडलिस्ट और भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। पेरिस में खेले गए मुकाबले में सिंधु को इंडोनेशिया की युवा खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वार्डानी ने 21-14, 13-21, 21-16 से हराया।
पहले गेम में वार्डानी ने जबरदस्त शुरुआत की और लगातार दबाव बनाते हुए 21-14 से गेम अपने नाम किया। सिंधु रैलियों में टिकती रहीं, लेकिन बड़े मौके भुना नहीं सकीं।
दूसरे गेम में सिंधु ने वापसी करते हुए लंबी रैलियों में धैर्य दिखाया और अपने स्मैश से बढ़त बनाई। उन्होंने यह गेम 21-13 से आसानी से जीत लिया।
तीसरे और निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सिंधु 16-18 तक बराबरी बनाए रखीं, लेकिन अंत में दो गलत फैसलों और वार्डानी के तेज़ स्मैश ने मैच का रुख बदल दिया। सिंधु 16-21 से हार गईं और क्वार्टर फाइनल में ही बाहर हो गईं।
इससे पहले मिक्स्ड डबल इवेंट में भी भारत की चुनौती समाप्त हो गई। भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को मलेशियाई जोड़ी ने मात दी।




