रायगढ़। सरिया थाना क्षेत्र के अटल चौक के पास बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में सात वर्षीय जुड़वां भाई-बहन की मौत हो गई जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरपाली निवासी मेघनाथ पटेल अपनी सात वर्षीय जुड़वां संतानों हर्षित पटेल और जिया पटेल के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। अटल चौक के पास एक ट्रैक्टर के समीप वे रुके थे। इसी दौरान गांधी चौक की ओर से तेज गति से आ रही ब्रेजा कार क्रमांक CG13AT9955 ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद हर्षित पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। मेघनाथ पटेल और उनकी पुत्री जिया पटेल को गंभीर हालत में रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया जहां उपचार के दौरान जिया पटेल ने भी दम तोड़ दिया। मेघनाथ पटेल के दोनों पैर बुरी तरह टूट गए हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और आक्रोशित भीड़ ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी। सरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाली ब्रेजा कार को जब्त कर लिया है। कार मालिक सह चालक सजन अग्रवाल निवासी गोबरसिंघा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि कार सवार लोग किसी सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




