रतलाम। स्टेशन रोड थाना के सामने स्थित दो बत्ती चौपाटी पर सोमवार रात एक युवती ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया। नशे की हालत में युवती ने गाली-गलौज, मारपीट की और पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। पुलिस ने टैंकर रोड नयागांव निवासी आरोपी युवती दिव्या चौहान और उसके साथी राजीव नगर निवासी गौरव शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आरोपी युवती दिव्या चौहान चौपाटी पहुंची और भिक्षावृत्ति करने वाले बच्चों को साथ लेकर पानी-पताशे की दुकान पर गई। दुकान संचालक रमेश गुर्जर द्वारा झूठी प्लेट दूर रखने को कहने पर युवती आपा खो बैठी और मां-बहन की गालियां देने लगी। मना करने पर युवती और उसके साथ मौजूद गौरव शर्मा ने दुकानदार से झूमा-झटकी की।
इस दौरान समीप पराठे का ठेला लगाने वाली रीना बचाव के लिए अपने पति मयंक के साथ पहुंची। युवती ने दोनों को भी गालियां दीं और रीना के साथ धक्का-मुक्की तथा थप्पड़ों से मारपीट की। गौरव ने मयंक के साथ हाथापाई की। मारपीट से रीना के गाल और हाथ में चोट आई। जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस को युवती ने महिला पुलिसकर्मी सहित अपशब्द कहे। पुलिस उसे थाने ले गई, जहां भी हंगामा किया। गौरव को हिरासत में लिया गया, जबकि युवती को लेने पहुंची एक अन्य युवती पुलिसकर्मियों के सामने उसे थाने से लेकर भाग गई।




